Jun 29, 2019

0630 Emergency Number

0630 स्पंदन : आपातकाल नम्बर
...
आपातकाल में कॉल करो, लेने को सहयोग
आग घात रोग  में हाजिर, गाड़ी संग है लोग
...
©jangidml
...
संदर्भ : विश्व की आपातकालीन कॉल (emergency call) का प्रथमतः प्रयोग 30 जून, 1937 लंदन में प्रारम्भ। आपातकाल हेतु नम्बर थे - 999. अमेरिका में यह नम्बर 911 है। भारत में आपातकाल हेतु नम्बर है पुलिस-100, आग-101, स्वास्थ्य-108 आदि काम में लेते रहे हैं परन्तु अब अप्रैल, 2019 से इनके लिये 112 है। स्मार्टफोन में 3 बार पॉवर बटन को जल्दी दबाने और सामान्य फोन में 5 या 9 को अधिक समय दबाने पर भी ये नम्बर एक्टिवेट हो जाते है। इसके अलावा अन्य एमरजेंसी नम्बर भी चालू है।
***

Jun 28, 2019

0629 सांख्यिकी दिवस Statistics Day

0629 स्पन्दन : सांख्यिकी दिवस
...
अंक गणितीय ये आंकड़े, कहते कुछ आरेख
औसत  माध्यिका  विचलन, ये  कहते तू देख
ये  ऊँचे  नीचे  टेढे  मेढे,  पर  गूढ़  अर्थ  गहरा
ये बताये सहज निष्कर्ष, उन्नति अवनति देख
...
©Jangidml.170629
...
सन्दर्भ : राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस ( National statistics day ) 29 जून। 2007 से। भारतीय भौतिकविद् एवं सांख्यिकीविद प्रशान्त चन्द्र महालनोबिस (P C Mahalanobis, जन्म: 29 जून, 1893 - मृत्यु: 28 जून, 1972), कलकत्ता की स्मृति में मनाया जाता है। पंचवर्षीय योजना के मसौदे एवं 'भारतीय सांख्यिकी संस्थान' स्थापना, औद्योगिक-कृषि उत्पादन,रोजगार वृद्धि, बाढ़ नियंत्रण आदि के सन्दर्भ में महत्वपूर्ण योगदान। ज्ञातव्य है कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा 20 अक्टूबर को विश्व सांख्यिकी दिवस को घोषित।
***

Jun 27, 2019

0628 रूसो Rousseau

0628 स्पंदन : रूसो
...
सहज रूप में हो मानवता, सबके हित समाज
नीति शिक्षा  नैतिकता, साहित्य सद्गुणी आज
...
©jangidml
...
सन्दर्भ : जीन जैक्स रूसो (Jean-Jacques Rousseau ) स्विस-फ्रांस, महान दार्शनिक, समाजशास्त्री, मानवतावादी, प्रकृतिवादी, शिक्षाविद, साहित्यकार आदि। युग परिवर्तनकारी विचारों से ओतप्रोत। 'प्रकृति की ओर लौटो', 'मनुष्य जन्म से स्वतंत्र' , 'नगर मानव जाति की कब्रें हैं', सहज प्राकृतिक, सामूहिक सामाजिक विकास, राज्य व्यवस्था की अवधारणा आदि ने नई दिशा दी। 'दी सोशल कॉन्ट्रैक्ट्स', 'दी कनिंग मेन', 'ए डिस्कोर्स अपॉन द ओरिजिन एंड फाउंडेशन ऑफ द इनइक्विलिटी अमंग मैनकाइंड' आदि बहुत सी पुस्तकों के रचयिता। जन्म 28 जून, 1712 स्विस एवं देहांत 2 जुलाई, 1778 फ्रांस।
***

Jun 26, 2019

0627 वंदेमातरम Vandemataram

0627 स्पन्दन : वन्दे मातरम्
...
उत्साहित उद्वैलित जन मानस,उत्तर दक्षिण पूरब पश्चिम
आजादी की  प्राण-संजीवनी, वन्दे मातरम् वन्दे मातरम्
...
© jangidml
...
संदर्भ : 27 जून, 1838 में बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ( Bankim Chandra Chattopadhyay, चटर्जी ) का जन्म कटकपारा, पश्चिम बंगाल में हुआ। साहित्य के अग्रदूत। 'आनंदमठ' उपन्यास में लिखित यह गीत, आज़ादी के दीवानों को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण रहा। देहावसान 8 अप्रैल,1894.
***

Jun 25, 2019

0625 नशा निरोधक Drug Abuse

0626 स्पन्दन : नशा निरोधक दिवस
...
युवा  बूढ़े  हो  रहे  हैं  मादक  नशे  के  आदी
बर्बाद करे  तन मन धन, छीन  रहा  आज़ादी
बीड़ी तम्बाकू अफ़ीम शराब सबमें है खराबी
घर परिवार  समाज  देश की  लाते ये बर्बादी
...
©Jangidml
...
सन्दर्भ : अंतर्राष्ट्रीय नशा व मादक पदार्थ निषेध दिवस (International day against Drug Abuse & Illicit Trafficking) 26 जूनसंयुक्त राष्ट्र द्वारा 1987 को स्वीकृतअफ़ीम, हेरोइन, भांग, तम्बाकू आदि के नशे हर दृष्टि से नुकसान पहुंचाते हैं। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार भारत दक्षिण एशिया में हेरोइन का सबसे बड़ा उपभोक्ता बनता जा रहा है। भारतीय सर्वे में अफ़ीम की 0.7% एवं भांग की 3% प्रति माह की दर देखी गईस्वास्थ्य पर बुरा असर। नशा हमारे दैनिक कार्यों एवं विकास में बाधक होता है।
***

Jun 23, 2019

0624 मारुत Marut

0624 स्पंदन : मारुत
...
हवा में बातें  करने लगा, युद्धक ये विमान
मार-गति में बढ़ चढ़ के, रणभूमि का मान
...
©jangidml
...
सन्दर्भ : हिंदुस्तान एयरक्राफ्ट लिमिटेड (HAL) द्वारा देश में बने प्रथम सुपरसोनिक युद्धक विमान (Fighter) मारुत (HF24 Marut) की 24 जून, 1961 को पहली उड़ान। जिसे भारतीय वायु सेना में शामिल किया गया। आजकल इसके उन्नत संस्करण है। सेना के पास मिग, सुखोई, जगुआर आदि जैसे उन्नत युद्धक विमान है।
***

Jun 22, 2019

0623 विधवा Widow

0623 स्पन्दन : विधवा
...
प्यार सामाजिकता तपस्या की, विधवा जिन्दा मूरत
धैर्य सहयोग स्नेह सहनशील, सचमुच ईश्वरीय सूरत
श्रम सतत ये करती रहती, शौक उत्साह उमंग छोड़
सम्मान दें  हम  सहयोग दें,  छोड़ दो  करनी नफरत
...
©Jangidml.170623
...
सन्दर्भ : अंतरराष्ट्रीय दिवस विधवा हेतु (International Widows’ Day) 23 जून। संयुक्त राष्ट्र द्वारा 2011 को प्रारंभ। सामाजिक व्यवस्था के अंतर्गत विधवाओं का जीवन कठिन परिस्थितियों में गुजरता है। रोजगार विहीन, गरीबी, हिंसा, अत्याचार, स्वास्थ्य आदि सम्बंधित समस्याएं होती है। भारतीय सन्दर्भ में राजा राममोहन राय ने सती प्रथा को बंद करने एवं विधवा विवाह करवाने हेतु अत्यंत नेक कार्य किया। शिक्षा, रोजगार, जागरूकता आदि से इनका जीवन सुरक्षित हो सकता है। विश्वभर में करीब 258 मिलियन विधवाएं।
***

Jun 21, 2019

0622 गैलेलियो Galileo

0622 स्पंदन : गैलिलियो
...
घूम रही यह धरती सतत, सूर्य के चारों ओर
विवश विज्ञानी हुआ चुप,शुरू सजा का दौर
...
©jangidml
...
सन्दर्भ : 22 जून, 1633 को गैलेलियो गैलिली (Galileo Galilei) को धर्माचार्यों के दबाव से यह स्वीकार करना पड़ा कि सूर्य ही पृथ्वी के चारों ओर चक्कर काटता है। फिर भी इन्हें सजा देकर कैद में रखा और अंततः कैद में ही मौत। गैलेलियो आधुनिक विज्ञान के पितामहखगोलविद, भौतिकविद, गणितज्ञ, आविष्कारक आदि। दूरबीन का आविष्कारजन्म 15 फरवरी, 1564, इटली और देहांत 8 जनवरी, 1642 में।
***

Jun 20, 2019

0621 योग Yoga

0621 स्पन्दन : योग
...
तन मन की शुध्दि करता योग
निर्मल  निरन्तर  रखता   योग
रोग मुक्त  सबको  करता योग
बिन दवा के आयु बढ़ाता योग
...
धर्माडम्बर  मुक्त  होता है योग
तन मन को शक्ति देता है योग
सहज जीवनाधार बनाता योग
स्वास्थ्य की  राह  बढ़ाता योग
...
अष्टांगिक मार्गदर्शन करता योग
यम नियम आसन प्राणायाम योग
प्रत्याहार धारणा ध्यान समाधि योग
नित प्रातः करणीय ये होता योग
...
संयम आत्मानुशासन देता योग
स्वतःस्फूर्त सबको बनाता योग
सुख आनन्द जीवन का ये योग
मोहमुक्त स्थितप्रज्ञ बनाता योग
...
© jangidml.170607
...
संदर्भ : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ( International day of Yoga ) 21 जून। संयुक्त राष्ट्र ने 2014 को यह दिवस घोषित किया। 2015 से मनाया जाने लगा। भारत में योग का प्रचलन पूर्व वैदिक काल (3000 ईसा पूर्व) से है। वेद, उपनिषदों में इसका वर्णन। भगवान कृष्ण, बुद्ध, महावीर आदि ने भी योग बाबत बताया। महर्षि पंतजलि 200 ईसा पूर्व ने 'योग सूत्र' योग के अष्टांगिक मार्ग बताकर योग को लोकप्रिय बनाया। इनके अनुसार " योग: चित्त-वृत्ति निरोध:"। वस्तुतः योग मानव का प्रकृति से सामंजस्य स्थापित कर मानसिक, शारिरिक और आत्मिक स्वास्थ्य और स्व-नियंत्रण का व्यावहारिक जीवन विज्ञान है।
***

Jun 19, 2019

0620 शरणार्थी Refugee

0620 स्पन्दन : शरणार्थी
...
घर छूटा परिवार छूटा, छूटा खेत खलिहान
दर-दर ठोकर  खा रहे,  होते  सतत परेशान
न रोटी-पानी  बिस्तर, टेंट में  बेजान जीवन
कष्ट असुरक्षा विस्थापन, भटके हुए इंसान
...
©Jangidml
...
सन्दर्भ : विश्व शरणार्थी दिवस (World Refugee Day) 20 जून। 1951 से। राजनैतिक, युध्द, भूखमरी आदि कारणों से लोग अपना निवास स्थान / देश त्याग दूसरे स्थान / देशों की शरण में जाते है। मानवीय सभ्यता और व्यावहारिक रूप से यह अत्यंत कष्टमय। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट, 2018 के अनुसार 37000 लोग मजबूरी में अपना घर छोड़ रहे हैं प्रतिदिन। सबसे ज्यादा पलायन सीरिया से। माना जाता है कि विश्व भर में 2019 तक में करीब 7.8 करोड़ व्यक्ति विस्थापित (UNO)
***

Jun 16, 2019

0617 रेगिस्तान व सूखा Desertification

0617 स्पन्दन : रेगिस्तान
...
पेड़ कटे  पौधे कटे, कट  गए  सारे  जंगल
फैले  रेगिस्तान  यहाँ, सूखा  करेगा  दंगल
वन कटे तो हवा न पानी, ना मिलेगा ईंधन
गर्मी आँधी भूखमरी, होगा सर्वत्र अमंगल
...
© jangidml.170617
...
संदर्भ : विश्व दिवस रेगिस्तान एवं सूखे से निपटने बाबत (World day of combat desertification & drought) 17 जूनसंयुक्त राष्ट्र द्वारा दिसम्बर, 1994 को घोषणा। बढ़ता हुआ रेगिस्तान एवं सूखा हमारे जनजीवन, वनस्पति और प्राणी जगत पर गहरा प्रभाव डालता है। पर्यावरण को प्रभावित कर पृथ्वी के इकोसिस्टम को बिगाड़ता है। जल, अन्न, रोजगार आदि के संकट पीढ़ियों में भीषण संघर्ष पैदा होगा। प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन, संरक्षण, सम्यक उत्पादन, परस्पर सहयोग, जागरूकता आदि से भविष्य सुरक्षित कर सकते हैं।
***

Jun 15, 2019

0616 पिता Father

0616^ स्पन्दन : पिता
...
पिता सशक्त  कठोर हिमालय, गहरा सागर है आकाश
जीवन कौशल देता पग पग, शिक्षा ऊर्जा और विश्वास
...
प्रेम सुरक्षा यह पोषण करता,कर सुख सुविधा विस्तार
वटवृक्ष यह  ठंडी छाँव करता, पीकर गरल देता संसार
...
©jangidml
...
सन्दर्भ : पिता दिवस ( Father's day ) जून, तीसरा रविवार^ ( 2019 में 16 जून ) अमेरिका एवम् भारत सहित करीब 40 देशों में आयोजन। मूलतः कैथोलिक मत के अनुसार 1508 ईस्वी में शुरुआत। अमेरिका में 1966 से जून माह का तीसरा रविवार तिथि। बहुत से देशों में इसकी तिथियां अलग-अलग। मूलतः यह दिवस पिता और पितृत्व के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिवस। परिवार हेतु पोषण, सुविधा, सुरक्षा, विकास आदि का मुख्य आधार।
***

Jun 14, 2019

0615 ब्लड ट्रांसफ्यूज़न Blood Transfusion

0615 स्पन्दन : ब्लड ट्रांसफ्यूजन
...
खून खून तो लाल है, सब में इसका प्रवाह
ए बी एबी ओ समूह,'जीन' ने सुझाही राह
हारी बीमारी  चोट से, मरते हैं लाखों लोग
रक्त चढ़ाने  से इन्सान, पाता  जीवन  वाह
...
© jangidml.170615
...
सन्दर्भ : 15 जून, 1667 में पशु से मानव को खून चढ़ाने ( Blood transfusion ) का डॉ. जीन बेपटिस्ट (Dr. Jean-Baptiste Denys), फ्रांस का प्रथम असफल प्रयास। ब्रिटेन के डॉ. जेम्स ब्लून्देल ने 1818 में सिरिंज से मानवीय खून चढ़ाने का सफल प्रयोग। ज्ञातव्य है कि मानव खून A, B, AB और O समूह के साथ +ve और -ve मिलते हैं।
***

Jun 13, 2019

0614 रक्तदान Blood Donation

0614 स्पन्दन : रक्त दान
...
ख़ून अद्भुत अमूल्य है, जीवन  का  यह आधार
दान ख़ून का करता रह,त्रासदी में ये करता पार
एक रंग खून मानवता का, रूपरंग  छोड़ विचार
ये सहज मिल मुस्काता,धर्म अधर्म छोड़ विकार
...
©Jangidml.170614
...
सन्दर्भ : विश्व रक्तदान दिवस ( World Blood Donor Day ) 14 जून। मानव रक्त A, B, AB और O श्रेणी में मिलता है। इसमें भी धनात्मक और ऋणात्मक समूह।  रक्त समूह की खोज का श्रेय कार्ल लैंडस्टीनेर ( Karl Landsteiner ) ऑस्ट्रियन को मिला। यह प्राणी के सजीवता एवं विशिष्टता का मुख्य आधार है। आपातस्थिति में रक्तदान करने पर यह 3 व्यक्तियों की जान बचाता है। 17 से 65 वर्ष आयु के स्वस्थ व्यक्ति एक बार में एक यूनिट रक्तदान कर सकते है। 3-4 माह बाद रक्तदान किया जा सकता है। रक्त की मात्रा 21 दिन में पुनः उपयुक्त स्तर पर हो जाती है। 35 से 42 दिन तक रक्त सुरक्षित रख सकते हैं।
***

Jun 9, 2019

0610 रविवार Sunday

0610 स्पंदन : आज रविवार है
...
खुशी मनाओ खुशी मनाओ  आज रविवार है
देर तलक सोये और लेटें रहें  आज रविवार हैं
न जाना है  काम पर हमको  आज रविवार है
छः दिन  भागदौड़  के  बाद  आज रविवार है
स्कूल  छुट्टी  पढ़ने की  छुट्टी  आज रविवार है
खेंलेंगे देखेंगे टीवी कम्प्यूटर  आज रविवार है
नहीं जाना  हमको ऑफिस  आज रविवार है
आज  मिलकर  ऐश  करेंगें   आज रविवार है
शॉपिंग  सिनेमा  पिकनिक   आज रविवार है
पर? मजदूरों का होता कब   आज रविवार है
माँ-पत्नी काम लगी है  कब  होता रविवार है
...
©jangidml
...
सन्दर्भ : भारत में पहली बार 10 जून,1890 से रविवार को साप्ताहिक अवकाश के रूप में घोषित किया गया। इस बाबत मिल मजदूरों के नेता नारायण मेघाजी लोखंडे का योगदान भी रहा। भारत में स्कूलों में सप्ताहांत अवकाश 1844 से। अंतरराष्ट्रीय मानकीकरण संस्था (ISO) ने 1986 में माना रविवार को सप्ताह का आख़िरी दिन। विदेशों में रविवार अवकाश घोषणा 1843 से मानी जाती है। केंद्रीय कार्यालयों के 5 दिन कार्यदिवस का आदेश 5 जून, 1985 को।
***

Jun 8, 2019

0609 बिरसा मुंडा Birsa Munda

0609 स्पंदन : बिरसा मुंडा
...
आदिवासी धरती पुत्र, मांग रहा अधिकार
सजग सक्रिय एक सूत्र,मानी कभी न हार
राज अंग्रेजी खट्टे कर, किया परेशान सदा
आज़ादी को जागा भारत,कर्मभूमि बिहार
...
©jangidml
...
सन्दर्भ : बिरसा मुंडा आदिवासी जनजागृति, स्वतंत्रता, धार्मिक, सामाजिक नेतृत्व आदि में सक्रिय। बिहार और आधुनिक झारखंड इनका कार्यक्षेत्र रहा। सेवाभाव के कारण 'धरती बाबा' कहलाते है। इस क्षेत्र में भगवान की तरह पूज्य भी। जन्म 15 नवम्बर,1875, बंगाल। आदिवासी लोगों को भड़काने के आरोप में 2 साल की सजा के अंतर्गत जेल और हैजे के कारण जेल में देहान्त 9 जून,1900 राँची जेल।
***

Jun 7, 2019

0608 महासागर Ocean

0608 स्पन्दन : महासागर
...
सागर जीवन  रत्न है, जल की अक्षय खान
धरा को ये जीवन देता, है प्रकृत कर्म महान
जैव विविधता यह देती,धरती रखती ठण्डा
खाद्य अर्थ पर्यावरण में,अवर्णनीय योगदान
...
©jangidml
...
संदर्भ : विश्व महासागर दिवस ( World Oceans Day ) 8 जून। संयुक्त राष्ट्र द्वारा 2008 में घोषित एवं संकल्पना 1992 से। ज्ञातव्य है कि पृथ्वी का 71% भूभाग पाँच महासागरों ( प्रशांत, हिन्द, अटलांटिक, उत्तरी ध्रुव और दक्षिणी ध्रुव महासागर ) से ढका हुआ है। महासागरों में खारा पानी 97% है। नदी कुओं में पीने लायक पानी 3% ही मौजूद। महासागरों में 2 लाख से अधिक जैविक प्रजातियां। 200 मिलियन लोग प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से इस पर आधारित रोजगार से जुड़े हुए हैं। जैव विविधता और प्राकृतिक संतुलन के लिए महासागरों की भूमिका महत्वपूर्ण है। दुर्भाग्य है कि इसका 40% भाग इंसानों ने प्रदूषित कर दिया।
***

Jun 6, 2019

0607 खाद्य सुरक्षा Food Safety

0607 स्पंदन : खाद्य सुरक्षा
...
जीवन  खातिर  फल सब्जी, चाहें शुद्ध अनाज
कीट-रसायन सड़ीगली से,तन पर गिरती गाज
...
©jangidml
...
सन्दर्भ : विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस ( World Food Safety Day ) 7 जूनसंयुक्त राष्ट्र द्वारा दिसम्बर, 2018 को निर्णयखाद्य पदार्थों के उत्पादन से लेकर भोज्य तक प्रक्रिया चलती है। कीटनाशक-रसायन, सूक्ष्मजीवी, स्वच्छता आदि के संदर्भ में सजग रहने आवश्यकता। मिलावटी खाद्य से जान को जोखिमज्ञातव्य है कि खाद्य सुरक्षा अभाव में 600 मिलियन लोग प्रभावित होते हैं। 3 मिलियन लोग खाद्य असुरक्षा के परिणामों के कारण मौत का शिकार बनते हैं। समस्त लोगों को शुद्ध, स्वच्छ और पोषक खाद्य आवश्यक है। यह व्यक्तिगत एवं सामुदायिक दायित्व है।
***

Jun 5, 2019

0606 महाराणा प्रताप Maharana Pratap

0606 स्पंदन : महाराणा प्रताप
...
अद्वितीय वीर प्रताप हुए, है अनुपम स्वाभिमान
आन  बान  शान  इन्हीं से, जय जय  राजस्थान
न झुकना अरि के आगे, रख  आज़ादी अक्षुण्ण
साहस धैर्य सहजता तुम में,है वीर प्रताप महान
...
©jangidml
...
संदर्भ : महाराणा प्रताप । 2019 में 6 जून को जयंती*। जन्म जेष्ठ शुक्ल तृतीया रविवार वि. सं. 1597  तद्नुसार 9 मई,1540 ईस्वी*। पुण्यतिथि  19 जनवरी,1597 ईस्वी।  (190606)
***

Jun 4, 2019

0605 Environment day

0605 स्पंदन : पर्यावरण
...
जिस थाली में  खाता है, करता  उसमें छेद
जिस डाली  पर बैठा है, काटे  बिना ये भेद
पानी अन्न हवा में घोले, लाखों लाख ज़हर
जल थल नभ  आग लगा, मरने को है कैद
...
©jangidml
...
संदर्भ : विश्व प्रदूषण दिवस ( World Environment Day ) 5 जून। संयुक्त राष्ट्र द्वारा 1974 से। विनाशकारी भौतिक उपलब्धियों के कारण प्रकृति में प्रदूषण भी अपने चरम पर। वनस्पति, प्राणी जगत और मानव के लिए अत्यंत घातक। नई आने वाली पीढ़ी का जीवन नरकमय। उपभोक्तावादी संस्कृति, व्यापारिक दोहन, वर्चस्व की लड़ाई आदि धरती के जीवन-समूल को ही नष्ट कर रहा है।
***

Jun 3, 2019

0604 आतंक से पीड़ित बच्चे

0604 स्पंदन : आतंक के शिकार बच्चे
...
युद्ध आतंक  यौनाचार, होते बच्चे शिकार
ये विरासत संस्कृति,दें इनको सुरक्षा प्यार
धर्मान्तता से दूर रख,दें शिक्षा और विवेक
फूल रंगबिरंगी बगिया के, महके ये संसार
...
©jangidml
...
सन्दर्भ : अंतराष्ट्रीय दिवस आतंकवाद से पीड़ित निर्बोध बच्चों के लिए (International Day of Innocent Children Victims of Aggression, UNO); 4 जून। बच्चे परिवार और राष्ट्र के सशक्त आधार है। ये निर्मल मन और सहजता के साथ ईश्वर के साकार रूप है। शांति के देवदूत। परन्तु युद्ध के दिनों विशेषतः बच्चों की हत्याएं, यौनाचार, प्रताड़नाएं आदि की घटनाएं बढ़ जाती है। इनकी सुरक्षा के लिए अहम कदम और व्यवस्था आवश्यक है।
***

Jun 2, 2019

0603 साईकल Bicycle

0603 स्पंदन : साईकल चलाओ !
...
साईकल चला तंदुरुस्त बनें, फुर्ती सहज पाय
पर्यावरण का सद-मित्र बनें,बढ़ती उम्र सवाय
...
©jangidml
...
सन्दर्भ : 3 जून, विश्व साईकल दिवस (World Bicycle Day), 2018 से UNO द्वारा। साईकल आवागमन ( transportation ) का सबसे सरल, सुगम, सस्ता और पर्यावरण-मित्र साधन जो स्वस्थ बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सुखद एवं स्वस्थ भविष्य के संदर्भ में इसकी जागरूकता हेतु कार्य करने की आवश्यकता है। ज्ञातव्य है कि जर्मनी के कार्ल वोन ड्रैज ने बिना पेडल की साईकल 1817 में बनाई। फ्रांस के पियरे मौचुक्स एवं लालमैन ने पेडल की व्यवस्था कर सुगम बनाया। जॉन केम्प स्टेरेली ने समान आकार के पहिये से आधुनिक साईकल का रूप दिया। 1888 में डनलप ने हवा वाले पहिये दिए। आज चीन सबसे अधिक उपयोग करता है।
***

May 31, 2019

0601 दूध दिवस Milk Day

0601 स्पन्दन : दूध
...
दूध दही  पुष्ट बनाता, है स्वाद  भरा नवनीत
जन्म से लेकर जीवनभर,ये सबका मनमीत
...
© jangidml.170601
...
संदर्भ : विश्व दूध दिवस, 1 जून. ( World Milk Day, FAO,UNO) 2001 से।  दूध में पोषक तत्वों की भरमार है। शरीर को पुष्ट बनाता है। इससे बने उत्पाद रुचिकर होते हैं। ज्ञातव्य है कि विश्व में भारत सबसे बड़ा उत्पादक देश है। फिर अमेरिका और चीन। यह सफल व्यवसाय है। भारत में दूध की उपलब्धता प्रति व्यक्ति 2016-17 में 355 ग्राम जबकि वि‍श्‍व औसत 294 ग्राम (वर्ष 2013)। भारतीय दुग्ध क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन का जन्मदिन 26 नवम्बर को 'राष्ट्रीय दुग्ध दिवस’ (National Milk Day) मनाया जाता है। सनातन संस्कृति में गाय को 'माता' व 'कामधेनु' कह कर सम्मान दिया.
***

May 30, 2019

0531 तम्बाकू निषेध दिवस No Tabacco

0531 स्पन्दन : धूम्रपान है आत्मघात
...
ज़हर हवा में मत तू घोल, रे मानव!  छोड़ तम्बाकू छोड़
कैंसर अस्थमा और  डिप्रेशन, मौत आएगी  जल्दी दौड़
असमय फैफड़े भी गल जाते,और करता घात हृदय पर
गुटके बीड़ी खैनी सिगरेट, आत्मघाती यह  आदत छोड़
...
©jangidml.170531
...
संदर्भ : 31 मई, अंतर्राष्ट्रीय तंबाकू निषेध दिवस (World No-Tobacco Day) 1987 में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 7 अप्रैल 1988 तथा इसके बाद 31 मई को तम्बाकू निषेध दिवस मनाना शुरू किया गया। 125 देशों में तम्बाकू सम्बंधित उत्पादनवर्तमान में भारतीय 12 करोड़, विश्व के 12% लोग कर रहे धूम्रपानविश्व में प्रतिवर्ष 50 लाख मौतें। यह कैंसर  आदि कई रोगों का जनक। इसके धुएं से अन्य व्यक्ति भी चपेट में आता है। व्यापारी मात्र अपनी अच्छी आय के कारण दूसरों को धीमे जहर में धकेलते हैं।
***

May 29, 2019

0530 हिंदी पत्रकारिता Hindi Journalism

0530 स्पन्दन : हिंदी पत्रकारिता
...
जन जन तक  है सूचना, समाज राज विज्ञान
स्वास्थ्य  पर्यावरण शिक्षा, कृषि उद्यमी ज्ञान
...
©jangidml
...
संदर्भ : हिंदी पत्रकारिता दिवस ( Hindi Journalism Day ) 30 मई। पंडित जुगल किशोर शुक्ल द्वारा इस दिन 1826 ई. में प्रथम हिन्दी समाचार पत्र 'उदन्त मार्तण्ड' का प्रकाशन। राममोहन राय ने 1816 में प्रकाशित किया -  ‘बंगाल गजट’। भारतीय भाषा का यह पहला समाचार पत्र है। 191 वर्षों में हिंदी अखबारों एवं समाचार पत्रकारिता के क्षेत्र में काफ़ी तेजी आई है। प्रथम तिमाही, 2019 की IRS रिपोर्ट के अनुसार देश में शीर्ष अखबार के पाठक वर्ग में दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, अमर उजाला आदि।
***

May 28, 2019

0529 Everest एवरेस्ट

0529 स्पन्दन : हिमालय
...
धरती माँ का शिखर हिमालय,हिम्मत को ये ललकारता
साहसी धैर्यवान स्वस्थ मानव, चढ़ उतंग ध्वज फहराता
...
©jangidml
...
संदर्भ : हिमालयएवरेस्ट. 29 मई 1953 को पहला मानव का कदमतेंजिंग नोर्गे एवं एडमंड हिलेरी - एवरेस्ट पर चढ़ने में प्रथमत: सफल. 8848 मीटर  / 29029 फीट ऊँचाईहिमालय श्वेत बर्फ की चादर लपेटे,अति शीतल,अलौकिक एवं प्राकृतिक सौंदर्य युक्त पृथ्वी तल की सबसे ऊँची चोटी पर्वतारोहियों को पुकारता है।
- तेंजिंग, खुम्बू ,नेपाल जन्मा; दार्जिलिंग में बसे
- एडमंड हिलेरी, न्यूजीलेंड निवासी
-"दोनों लगभग एक साथ शिखर पर पहुंचे थे" : हिलेरी
- 1984 : बछेंद्री पाल पहली भारतीय महिला
- 2001 : एरिक वेइहेनमेर, ब्लाइंड 32 वर्षीय
- 2003 : मिंग किपा 15 वर्ष आयु की युवती
- 2010 : जॉर्डन रोमेरो 13 वर्ष आयु के युवा
- 2011 : अप्पा शेरपा एवं फुर्बा ताशी शेरपा 21 बार
- 2013 :  यूईचीरो 80 वर्ष आयु में भी सफल
- 2019 : रीता शेरपा 23 बार सर्वाधिक चढ़ाई कर चुके
***

May 27, 2019

0528 एमनेस्टी इंटरनेशनल Amnesty

0528 स्पंदन : एमनेस्टी इंटरनेशनल
...
मानव के सहज अधिकार में, रखा दृढ़ आधार
अभिव्यक्ति मानवाधिकार में, गूंजे गीत संसार
...
©jangidml
...
संदर्भ : एमनेस्टी इंटरनेशनल ( Amnesty International ) का ब्रिटिश वकील पीटर बेन्सन ( Peter Benenson ) द्वारा 28 मई, 1961 में स्थापना की गई। यह संस्था विश्वभर में राजनैतिक कैदियों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, अमानवीय यातनाओं आदि के संदर्भ में मानवाधिकार कानून के अंतर्गत संरक्षण हेतु बोलती है। 150 देशों में सक्रिय। 1974 में शांति का नोबेल पुरस्कार ( Nobel Prize for Peace ) मिला।
***

May 26, 2019

0527 हिरोशिमा पीस मेमोरियल पार्क

0527 स्पंदन : हिरोशिमा पीस मेमोरियल पार्क
...
मानव-मानव  मारकाटख़ून की गहरी प्यास
मानवता में क्यों  दानवता, करते  जीवन नाश
अस्त्र शस्त्र परमाणु बम,रोको सारी मिसाइलें
हमको बचाना यह जगत, प्रेम के संग विश्वास

...
© Jangidml
....
संदर्भ :  27 मई, 2016. यह वह स्थान है जहाँ अमेरिका का बराक ओबामा बतौर कोई अमेरिकी राष्ट्रपति प्रथम बार संवेदनाएं व्यक्त करने पहुँचे और बम से प्रभावित लोगों, जिसे "हिबाकुशा" कहते हैं, से मिले। हिबाकुशा की संख्या भी 650000 है जो अब तक त्रासदी के शिकार है। ज्ञातव्य है कि 6 अगस्त, 1945; अमेरिका द्वारा हिरोशिमा पर न्यूक्लिअर बम गिराने से 140000 व्यक्ति प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से मौत के आगोश में पहुँचे। मानवीय सभ्यता एवं विज्ञान का यह एक काला अध्याय है।
***